मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
India
जन्मस्थान... शामली जिला शामली उत्तर प्रदेश, कर्मस्थान..... वर्तमान में लखनऊ

रविवार, नवंबर 21, 2010

यादों के बहाने से

 बदलाव
बात पुरानी है मेरे बचपन की तब गांव में रहते थे टेलीविजन नहीं था केवल रेडियो था तब विविध भारती पर एक गीत बहुत लोकप्रिय था ये गोटेदार लहंगा......... इसी गीत की एक पंक्ति थी चुनरी बन जाये तेरी मेरे रूमाल से जिसे सुनकर मेरी बाल बुद्घि बड़ा आश्चर्य करती थी भला छोटे से रूमाल से चुनरी कैसे बन सकती है।
आज समझ आता है कि गीतकार ने दरअसल वक्त से कहीं आगे का गीत लिखा था। आज की पीढ़ी इस गीत को सुनकर बिलकुल आश्चर्य नहीं करेगी क्यों कि आज की तथाकथित रोलमाडल कन्याओं की चुनरी तो क्या पूरी वेशभूषा एक रूमाल से बन सकती है।
यादों के बहाने से आज इतना ही
आपके विचारों का स्वागत है।

रविवार, अक्टूबर 17, 2010

विजयदशमी

युग चाहे कोई भी हो यही रही है रीत सदा
हार बुराई की होती है अच्छाई की जीत सदा


सबको विजयदशमी की शुभकामनाएं

सोमवार, सितंबर 20, 2010

जाने कहां गया वो मौसम

आज कार्यालय में हिन्दी सप्ताह समापन समारोह के अन्तर्गत स्वरचित हिन्दी कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। आयोजन में राजभाषा अधिकारी श्री राज बहादुर सिंह मुख्य अतिथि तथा कवि श्री मुकुल महान व श्री श्यामल मजुमदार निर्णायक थे और मेरी इस कविता को प्रथम पुरस्कार के लिये चुना गया ।
कविता प्रस्तुत है

जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी
चहक चहक चिड़िया आंगन में मीठे गीत सुनाती थी
जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी

कड़वा है अब मीठा पानी जो अमृत कहलाता था
सूना है वो घाट जहां पर हर राही रूक जाता था
बिन मैली नदियां इठलाती जब सागर तक जाती थी
जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी

जहर घुला है अब वायु में हुई बहारें गुम देखो
आधी हो गई सासें सबकी खूब तमाशा तुम देखो
एक समय था यही हवाएं खुशबु सी बिखराती थी
जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी

धुआं उगलती चिमनी हैं और पेड़ बेचारे मरते हैं
बेघर पंछी याद आज भी उस मौसम को करते हैं
जब हंसती थी हर डाल पेड़ की हर पत्ती इतराती थी
जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी

दौड़ तरक्की की अंधी है इसमें बस पछतावा है
गगन चूमती मीनारें तो केवल एक छलावा है
आज नहीं आती पहले तो बात समझ ये आती थी
जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी

वक्त अभी भी है जगने का मानव आखें खोल जरा
ममता की मूरत है धरती फिर से मां तो बोल जरा
भूल गया मानव ये धरती माता भी कहलाती थी
जाने कहां गया वो मौसम जब धरती मुस्काती थी

 दीक्षित

गुरुवार, सितंबर 09, 2010

हौसला

मेरी डायरी में कुछ पंक्तियां लिखी हैं। तारीख पडी है 3 जून 2000, आज सोचता हूं दस वर्ष से गुमनाम शब्दों को सबके साथ बांटा जाए


समंदर का किनारा और मैं
रेत पर यूं ही चली थी उंगलियां
खिंच गई थी कुछ लकीरें
लिखी गई कोई इबारत
उस इबारत पर बना बैठा मैं
एक सपनों की इमारत
खुश तो बहुत था मैं
देख कर तकदीर अपनी
कि अचानक
एक लहर आई
और मिट गई सारी लकीरें
गिर गई पूरी इमारत
क्या मैं अब उदास हो जाऊं
नहीं
फिर से लिखुंगा मैं
पत्थरों पर
हौसलों की छेनियों से
उस इबारत को
फिर कोई भी लहर
न मिटा सकेगी उसे
मैं अब भी खुश हूं